🕒 Loading...
Join WhatsApp Group
🗞️National Breaking News: लोड किया जा रहा है...
🔴Local Breaking News : Loading latest news...

रेल सुविधाओं के विस्तार को सपा सांसद रमाशंकर राजभर के प्रयास तेज, कई प्रस्तावों पर कार्रवाई शुरू

 



बेल्थरा रोड, तुर्तीपार, रेवती और सहतवार समेत विभिन्न रेल समस्याओं को सांसद ने उठाया; कई कार्य प्रक्रियाधीन

सलेमपुर, 1 सितंबर 2026। सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ के प्रयासों का असर अब दिखाई देने लगा है। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से 25 अगस्त को सांसद को भेजी गई अद्यतन प्रशासनिक टिप्पणी में क्षेत्र से संबंधित विभिन्न रेल प्रस्तावों और समस्याओं पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी गई है।

इससे पहले 2 जून को वाराणसी मंडल में सांसदों के साथ हुई डिवीजनल कमेटी की बैठक में सांसद रमाशंकर राजभर ने बेल्थरा रोड, तुर्तीपार, रेवती और सहतवार सहित विभिन्न स्टेशनों एवं रेलखंडों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था।

एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव पर फिलहाल रेलवे की अलग राय

क्षेत्र के कुछ स्टेशनों पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग के संबंध में रेलवे ने बताया है कि संबंधित स्टेशनों की औसत दैनिक यात्री संख्या और आय, रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित अतिरिक्त ठहराव की वाणिज्यिक कसौटी से कम है। इसी कारण प्रस्तावित एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को फिलहाल व्यवहार्य नहीं माना गया है।

हालांकि सांसद की ओर से जनहित और यात्रियों की संख्या को देखते हुए इस मांग पर भविष्य में पुनर्विचार कराने के प्रयास जारी रखने की बात कही गई है।

कई स्थानों पर फिजिबिलिटी जांच जारी

रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार भटनी-बेल्थरा रोड रेलखंड पर समपार फाटकों की फिजिबिलिटी जांच कराई जा रही है। इसके अलावा धरमेर-महलिया-तिलौली-विशुपुरा-भेवली मार्ग पर अंडरपास निर्माण की व्यवहार्यता की जांच भी जारी है।

तुर्तीपार हाल्ट पर यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्य आरवीएनएल की ओर से कराया जा रहा है। वहीं रेवती स्टेशन को पुनः ब्लॉक स्टेशन बनाने का कार्य स्वीकृत होकर प्रक्रियाधीन है। मधुबन ढाला पर आरओबी निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

सहतवार स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

सहतवार स्टेशन के प्लेटफार्म को ऊंचा करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्टेशन पर वाटर कूलर लगाने की योजना भी प्रस्तावित है।

रेलवे ने सहतवार क्षेत्र में एलएचएस में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए पंप लगाकर पानी निकालने तथा आवश्यक सुधार कार्य कराए जाने की जानकारी भी दी है।

सांसद के प्रयासों का दिख रहा असर

सांसद के मीडिया प्रभारी जितेश कुमार वर्मा (एडवोकेट) ने कहा कि सांसद रमाशंकर राजभर क्षेत्र की जनता से जुड़े रेल, सड़क, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी मुद्दों को लगातार संबंधित विभागों के समक्ष उठा रहे हैं। रेलवे की ओर से कई सुझावों पर कार्रवाई शुरू होना सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने कहा कि यात्री संख्या और जनहित को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव सहित अन्य मांगों पर रेलवे से भविष्य में पुनर्विचार कराने का प्रयास जारी रहेगा। जिन कार्यों की फिजिबिलिटी जांच चल रही है, उनकी प्रगति की भी लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने