बलिया।
रबी विपणन सीजन को लेकर जिले में गेहूं खरीद की तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने 41 गेहूं क्रय केंद्रों के संचालन को अनुमोदन प्रदान किया है। क्रय केंद्रों की संख्या जिले में 1.39 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में हुई गेहूं की खेती को ध्यान में रखकर तय की गई है।
कृषि विभाग के अनुसार इस वर्ष गेहूं का रकबा पिछले साल की तुलना में स्थिर बना हुआ है, ऐसे में किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में क्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। सभी केंद्रों पर तौल, गुणवत्ता परीक्षण और भंडारण की उचित व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि गेहूं खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और किसान-हितैषी रहे। किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। इसके लिए सभी क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे, बारदाना और आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित केंद्र प्रभारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण कराकर निर्धारित गेहूं क्रय केंद्रों पर ही अपनी फसल की बिक्री करें, ताकि उन्हें शासन द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।
