रिपोर्टर:-नईमुद्दीन खान
बलिया। जाति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये मांगने के आरोप में तहसील सदर के राजस्व ग्राम सुल्तानपुर के क्षेत्रीय लेखपाल संदीप सिंह को जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।
मामला सुल्तानपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद तुरैहा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तुरैहा जाति प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए लेखपाल सहित अन्य राजस्व कर्मियों की ओर से प्रत्येक आवेदन पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत के साथ मोबाइल बातचीत की दो ऑडियो रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई थीं।
तहसीलदार सदर की रिपोर्ट के मुताबिक, रिकॉर्डिंग की प्राथमिक जांच में बातचीत करने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट रूप से नहीं हो सकी। हालांकि, शिकायतकर्ता ने रिकॉर्डिंग में सुनाई दे रही आवाज को लेखपाल संदीप सिंह की आवाज बताया है। रिकॉर्डिंग में कथित रूप से जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए रकम की मांग और अधिकारियों को पैसे दिए जाने संबंधी बातचीत का उल्लेख होने की बात कही गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने निष्पक्ष जांच के लिए लेखपाल को निलंबित करने और विभागीय जांच कराने की संस्तुति की। इसके बाद जिलाधिकारी के आदेश पर संदीप सिंह को निलंबित कर दिया गया और उन्हें तहसील बलिया के भूलेख कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भ्रष्टाचार अथवा अवैध धन उगाही में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।