सिकंदरपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर मंगलवार को सिकंदरपुर तहसील के लेखपालों ने आंदोलन के प्रथम चरण के तहत अपने अतिरिक्त लेखपाल क्षेत्रों का चार्ज छोड़ दिया। तहसील अध्यक्ष हुकूम सिंह के नेतृत्व में लेखपाल तहसील मुख्यालय स्थित संबंधित कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त चार्ज जमा कराया।
इस दौरान लेखपाल संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एवं मंत्री रंजीत वर्मा सहित अन्य लेखपालों ने संगठन की मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की। संघ के निर्देशानुसार ऑफलाइन चार्ज जमा करने के साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी अतिरिक्त चार्ज सरेंडर करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
तहसील अध्यक्ष ने कहा कि अतिरिक्त चार्ज का त्याग संगठन की एकजुटता और अपनी मांगों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी लेखपालों से संगठन के आगामी कार्यक्रमों में भी सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर आशीष सिंह, पवन पांडेय, मनोज तिवारी, राजीव रंजन, सचिन यादव और आदिल सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
