सिकंदरपुर विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उठाईं 8 प्रमुख मांगें
बलिया। सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में बताया कि पुरुषोत्तम पट्टी, खरीदी, जिंदापुर, बिजलीपुर, बहदुरा, पिपरौली सहित घाघरा नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। भीषण कटान के चलते सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि नदी में समाहित हो चुकी है और कई स्थानों पर बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों को अभी तक प्रशासन की ओर से अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाने की मांग की।
पत्र में उठाई गईं 8 प्रमुख मांगें
- बाढ़ प्रभावित परिवारों को पर्याप्त राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
- पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था की जाए।
- पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाए।
- नष्ट हुई फसलों का सर्वे कर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
- क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
- जिन गरीब परिवारों के मकान अथवा झोपड़ियां गिर गई हैं, उन्हें प्राथमिकता पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए।
- बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निकट स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता और पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- घाघरा नदी के कटान और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील आबादी वाले क्षेत्रों में तत्काल अस्थायी रिंग बांध का निर्माण कराया जाए, ताकि गांवों, घरों और कृषि भूमि को बाढ़ व कटान से बचाया जा सके।
विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि उक्त मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए, जिससे बाढ़ प्रभावित परिवारों, किसानों और पशुपालकों को समय रहते आवश्यक राहत एवं सहायता मिल सके।
