🕒 Loading...
Join WhatsApp Group
🗞️National Breaking News: लोड किया जा रहा है...
🔴Local Breaking News : Loading latest news...

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की देशव्यापी हड़ताल सफल, बलिया में शाखाओं पर रही तालाबंदी

 



बलिया, 11 सितंबर 2026। पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, समान पीएलआई (PLI) भुगतान समेत विभिन्न लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आयोजन किया गया। हड़ताल के समर्थन में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी व्यापक सहभागिता की।

बलिया क्षेत्र में हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं में पूर्ण तालाबंदी रही। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी और प्रदर्शन किया तथा सभा आयोजित की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग पर सहमति बनने के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा समान पीएलआई भुगतान सहित कई अन्य मांगें भी लंबित हैं। इन मांगों को लेकर UFBU एवं भारत सरकार के बीच केंद्रीय श्रम आयुक्त (CLC) के माध्यम से कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस सकारात्मक परिणाम नहीं निकला।

क्षेत्रीय अध्यक्ष चंदन सिंह और सचिव विक्रांत सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार की हड़ताल पूरी तरह सफल रही। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि न्यायोचित मांगों की अनदेखी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।

पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संगठन के अनुसार, आंदोलन के अगले चरण में 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है।

सभा की अध्यक्षता राजेश सिंह ने की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अब तक मिली अधिकांश सुविधाएं लंबे और संगठित संघर्ष का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयकृत बैंकों के समान भत्ते और अन्य सुविधाएं हासिल करने के लिए संगठन ने लगातार संघर्ष किया है और पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सभा को पंकज कुमार, चंदन सिंह, अभिषेक गौतम, हेमंत कुमार, प्रशांत गुप्ता, लक्ष्मण कुमार, ओ.पी. सिंह, विनायक श्रीवास्तव, अमित, राजन, मोहितेश एवं रौशन सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

प्रदर्शन एवं सभा में सैकड़ों अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी मांगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की। संगठन ने कहा कि शुक्रवार की सफल हड़ताल से स्पष्ट है कि कर्मचारी अपनी मांगों के सम्मानजनक समाधान तक संघर्ष जारी रखने के लिए तैयार हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने