बलिया। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर न्याय को सरल, सुलभ और सौहार्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 'समाधान समारोह-2026' के तहत देशभर में विशेष लोक अदालत अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का सुलह- समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिनमें आपसी सहमति की संभावना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि माननीय मुख्य न्यायाधीश के निर्देशन में न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से 21, 22 और 23 अगस्त, 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे वादों को शामिल किया जाएगा, जिनका समाधान आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संभव है। उन्होंने बताया कि 'समाधान समारोह-2026' का उद्देश्य केवल मामलों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। इस पहल से लोगों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय व धन दोनों की बचत होगी। सुलह-समझौते के लिए पक्षकारों की बैठक जनपद न्यायालय, बलिया परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पक्षकार ऑनलाइन माध्यम से भी इस प्रक्रिया में शामिल होकर समझौते की कार्यवाही कर सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इच्छुक पक्षकारों से अपील की है कि अधिक जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए प्राधिकरण के कार्यालय से संपर्क करें।
