बलिया। जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी एक परिवार गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। श्राद्ध संस्कार में शामिल होकर छत्तीसगढ़ लौट रहे परिवार की कार सोनभद्र जिले के बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बरवा गांव निवासी रेलवे के सेवानिवृत्त इंजीनियर यतेंद्र सिंह (70) अपने छोटे भाई की पत्नी के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने परिवार के साथ गांव आए थे। कार्यक्रम के बाद पूरा परिवार कार से रायपुर (छत्तीसगढ़) लौट रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सोनभद्र के बभनी क्षेत्र स्थित पोखरा गांव के पास चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद कार की बॉडी काटकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने रुचि सिंह (33) को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल यतेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल पवन सिंह, जो रायपुर स्थित एक सीमेंट कंपनी में वरिष्ठ इंजीनियर हैं, की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। वहीं मालती सिंह (65), पंकज सिंह (32) और रिमझिम (4) का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही बरवा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
