सलेमपुर। समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने प्रदेश सरकार पर सड़क निर्माण के लिए धन आवंटन में भेदभाव करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों में निष्पक्षता नहीं बरत रही है।
बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सांसद ने बताया कि मार्च माह में सरकार द्वारा त्वरित योजना के तहत सभी सांसदों और विधायकों से जर्जर सड़कों के निर्माण के लिए 5-5 करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव मांगे गए थे। उन्होंने भी अपने संसदीय क्षेत्र की सड़कों के सुधार के लिए प्रस्ताव भेजा था।
सांसद का आरोप है कि जब धनराशि स्वीकृत की गई, तो सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों के क्षेत्रों में 5 से 6 करोड़ रुपये तक की मंजूरी दी गई, जबकि विपक्ष के क्षेत्रों के लिए मात्र 1 करोड़ रुपये ही आवंटित किए गए। कई प्रस्तावों को पूरी तरह नजरअंदाज भी कर दिया गया।
उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि सरकार राजनीतिक आधार पर भेदभाव कर रही है। सांसद ने मांग की कि इस नीति को तुरंत खत्म कर सभी क्षेत्रों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा जनता के अधिकार और संतुलित विकास से जुड़ा है, जिस पर समाजवादी पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
