🕒 Loading...
Join WhatsApp Group
🗞️National Breaking News: लोड किया जा रहा है...
🔴Local Breaking News : Loading latest news...

शिक्षामित्र सम्मान समारोह में बड़ी घोषणा, मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये



बलिया, मंगलवार। जिले के गंगा बहुद्देशीय सभागार में मंगलवार को आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 18 शिक्षामित्रों को 18-18 हजार रुपये के चेक व प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जबकि जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शॉल देकर स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को समाज में उचित सम्मान मिलना चाहिए और सरकार उनके हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो गया है। इससे पूर्व वर्ष 2017 में मानदेय 3 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है।

इसके अतिरिक्त अनुदेशकों को 17 हजार रुपये मानदेय, 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।

इस दौरान मंत्री ने जिले के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैन से हल्दी तक बाईपास कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। भृगु मंदिर कॉरिडोर के लिए 50 करोड़ रुपये, कटहल नाला निर्माण हेतु 31 करोड़ रुपये तथा सफाई कार्य के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

शिक्षा क्षेत्र में कंपोजिट विद्यालय निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है तथा जीजीआईसी विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है, जहां शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। रोडवेज डिपो के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रसड़ा, बेल्थरारोड एवं बैरिया में रोडवेज निर्माण प्रस्तावित है, जबकि उजियार में कार्य पूर्ण हो चुका है।

इसके अतिरिक्त माल्देपुर से विजयपुर तक गंगा नदी में कटान रोकने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से ठोकर निर्माण कराया जाएगा। जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए नारायणपाली में भूमि चिन्हित कर ली गई है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, बीएसए मनीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने