बलिया। बलिया पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की है। सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए उपनिरीक्षक वरुण राकेश के परिजनों को बलिया पुलिस परिवार की ओर से 10 लाख 32 हजार 350 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
उपनिरीक्षक वरुण राकेश की हाल ही में सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई थी। इस अपूरणीय क्षति से शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जनपद बलिया के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपने एक-एक दिन का वेतन सहयोग राशि के रूप में दिया।
सभी के सहयोग से एकत्र की गई यह राशि कुल 10,32,350 रुपये रही। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल एवं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर ने दिवंगत उपनिरीक्षक के परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बलिया पुलिस परिवार दुख की इस घड़ी में दिवंगत उपनिरीक्षक के परिजनों के साथ खड़ा है और आगे भी हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
