नवानगर, बलिया।
क्षेत्र के सिवान कला स्थित एलएन नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समारोह का आयोजन किया गया। बसंत के आगमन के साथ विद्यालय परिसर में उल्लास, उमंग और धार्मिक आस्था का मनोहारी दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंध निदेशक (एमडी) नियाज अहमद रहे। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के प्रतीक स्वरूप विद्यालय की नन्ही छात्रा काव्या यादव की मनोहारी प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार के साथ छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर एमडी नियाज अहमद ने बच्चों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान, विवेक और संस्कृति का संरक्षण है, और बसंत पंचमी इसी संदेश को आत्मसात करने का पर्व है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को विद्या एवं संस्कार के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रत्याशा तिवारी ने अपने संबोधन में बसंत पंचमी को भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व बताया। उन्होंने कहा कि मां सरस्वती विद्या, संगीत, कला और वाणी की देवी हैं तथा उनके आशीर्वाद से जीवन में ज्ञान और दिशा प्राप्त होती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, भजन, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। विद्यालय परिसर में पीले वस्त्रों की छटा विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर पूनम शर्मा, श्रेया सिंह, अयान अकरम, जयशंकर प्रसाद, शैलेश मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम अनुशासित, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
